एसआईआर अंतर्गत प्राप्त दावा–आपत्तियों पर सुनवाई प्रारंभ
निर्धारित प्रपत्रों में प्राप्त आवेदनों पर ही की जाएगी कार्यवाही
संवाददाता… धनकुमार कौशिक
छत्तीसगढ़ दस्तक 24, बलौदा बाजार
बलौदाबाजार (डोंगरा)।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी के मार्गदर्शन में जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत प्राप्त दावा–आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह सुनवाई संबंधित ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा की जा रही है।

दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अवधि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इस अवधि में प्रतिदिन शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।
प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में राजनीतिक दलों द्वारा अपने बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) के माध्यम से भी दावा–आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल निर्धारित प्रपत्रों में प्राप्त दावा–आपत्तियों पर ही कार्यवाही की जाएगी।
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पूर्व नाम जोड़ने हेतु फॉर्म-6, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
निर्वाचन प्रशासन ने आम नागरिकों एवं राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर सही प्रपत्रों में आवेदन प्रस्तुत कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें।







