झूठे जश्न और फर्जी उपलब्धियों की राजनीति कर रही है ABVP – लक्ष्मी मरकाम

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

झूठे जश्न और फर्जी उपलब्धियों की राजनीति कर रही है ABVP – लक्ष्मी मरकाम

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

जिला गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी मरकाम ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि ABVP छात्र हितों के नाम पर केवल झूठ, भ्रम और ढोंग की राजनीति कर रही है।

लक्ष्मी मरकाम ने कहा कि शीतकालीन सत्र के दौरान मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची द्वारा महाविद्यालय मरवाही में पीजी भवन की मांग विधानसभा में उठाई गई, जिस पर मंत्री द्वारा सिर्फ मौखिक आश्वासन दिया गया है। अब तक न तो किसी प्रकार की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है और न ही निर्माण कार्य की कोई प्रक्रिया शुरू हुई है।

इसके बावजूद बीजेपी और RSS विचारधारा से जुड़े छात्र संगठन ABVP के कार्यकर्ता पूरे मरवाही क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों के साथ यह प्रचार कर रहे हैं कि मानो पीजी भवन की स्वीकृति मिल चुकी हो और निर्माण कार्य चालू हो गया हो। यह न केवल छात्रों को गुमराह करने का प्रयास है, बल्कि जनता की आंखों में धूल झोंकने की साजिश भी है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिस भवन की फाइल अभी मंत्रालय की टेबल तक भी नहीं पहुंची है, उस पर जश्न मनाना ABVP की राजनीतिक अपरिपक्वता और झूठे श्रेय लेने की आदत को दर्शाता है। जब तक शासन स्तर से लिखित आदेश जारी नहीं होता, तब तक किसी भी प्रकार का दावा करना सरासर झूठ है।

लक्ष्मी मरकाम ने सवाल उठाया कि अगर ABVP वास्तव में छात्र हितैषी है, तो वह यह स्पष्ट करे कि स्वीकृति आदेश की प्रति कहां है? बजट आवंटन कहां है? और निर्माण की समय-सीमा क्या है? केवल सोशल मीडिया पोस्ट और झूठे बयानों से छात्र कल्याण नहीं होता।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन छात्रों को भ्रमित करने वालों को बेनकाब करती रहेगी।

उन्होंने अंत में कहा कि छात्रों के अधिकारों पर राजनीति करने वालों को मरवाही की जनता और छात्र समुदाय करारा जवाब देगा।

Leave a Comment

और पढ़ें