हम होंगे कामयाब’अभियान के तहत ज़िले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए मिलेगी निःशुल्क कोचिंग सुविधा

Picture of Aashis Shrivas

Aashis Shrivas

FOLLOW US:

SHARE:

हम होंगे कामयाब’अभियान के तहत ज़िले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए मिलेगी निःशुल्क कोचिंग सुविधा

क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन 22 नवम्बर तक

संवाददाता –धनकुमार कैशिक/बलौदा बाजार 

 

बलौदाबाजार,9 नवंबर 2025/ जिला प्रशासन बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा चलाये जा रहे “हम होंगे कामयाब” अभियान अंतर्गत अब ज़िले के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में अभियान के तहत युवा सहभागिता से सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिले के इच्छुक युवाओं को सीजी पीएससी, व्यापम, एसएससी, रेलवे, पुलिस भर्ती तथा अन्य प्रतियोगी परिक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग तथा कैरियर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

जिला कौशल एवं विकास प्राधिकरण की सहायक संचालक एवं डिप्टी कलेक्टर श्यामा पटेल ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन 22 नवंबर 2025 को शाम 5 बजे तक क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।चयन पश्चात अभ्यर्थियों को अनुभवी विषय विशेषज्ञों द्वारा कोचिंग एवं कैरियर मार्गदर्शन के साथ साथ निःशुल्क अध्ययन सामग्री एवं टेस्ट सीरीज की व्यवस्था भी की जाएगी।

आवेदन हेतु आवश्यक शैक्षणिक आर्हता एवं शर्ते

अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष तथा अधिकतम आयु 35 वर्ष होनी चाहिए।अभ्यर्थियों के शैक्षणिक योग्यता में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जायेगी। चयनित अभ्यर्थी को सक्षम प्राधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। अभ्यर्थी को जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का मूल निवासी होना अनिवार्य है। सत्यापन के समय आवेदकों को कक्षा 10वीं, 12वीं एवं स्नातक की अंकसूचियों की छायाप्रति,निवास प्रमाण पत्र,जाति प्रमाण पत्र,आधार कार्ड की प्रति और पासपोर्ट साइज के 02 अद्यतन फोटोग्राफ उपलब्ध कराने होंगे।

Aashis Shrivas
Author: Aashis Shrivas

Leave a Comment