रजत जयंती वर्ष: रैम्प योजना के तहत जिले में जेम पोर्टल का प्रशिक्षण आयोजित
अतुल गुप्ता ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली,रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अवसर पर रैम्प योजना के अंतर्गत जिला पंचायत सभाकक्ष में उद्योग संचालनालय एवं सीएसआइडीसी जेम पोर्टल के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि शासन की मंशा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देते हुए अधिक से अधिक विक्रेताओं को जेम पोर्टल से जोड़ने की है, ताकि पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धात्मकता के साथ सरकारी खरीद प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान श्री राकेश तिवारी द्वारा जेम पोर्टल की कार्यप्रणाली, पंजीयन प्रक्रिया एवं वस्तुओं की ऑनलाइन बिक्री की जानकारी दी गई। साथ ही, प्रतिभागियों को जेम पोर्टल पर उत्पाद अपलोड करने, निविदा प्रक्रिया में भाग लेने और सरकारी खरीद में अवसरों के संबंध में उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री किशोर प्रसाद सिंह राजपूत, प्रबंधक श्री उत्तम कुमार दुबे सहित कुल 79 प्रतिभागी उपस्थित रहे। इनमें विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय विक्रेता शामिल थे। कार्यक्रम के समापन पर सवाल-जवाब के साथ प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया।







