रतनपुर में बनेगा भव्य ऑडिटोरियम, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की 2 करोड़ की घोषणा
मां महामाया के आशीर्वाद से रतनपुर को कारीडोर के रूप में करेंगे विकसित : डिप्टी सीएम
संवाददाता : अतुल गुप्ता
ब्यूरो चीफ, मुंगेली
रतनपुर – उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने रविवार को रतनपुर में आयोजित माघी पूर्णिमा एवं आदिवासी विकास मेला वर्ष–
2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रतनपुर नगर के विकास को लेकर बड़ी घोषणाएं करते हुए भव्य ऑडिटोरियम निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नगर पालिका भवन में बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि रतनपुर एक पवित्र, ऐतिहासिक एवं पौराणिक नगरी है, जिसकी ख्याति देश-विदेश तक फैली हुई है। यह कभी छत्तीसगढ़ की राजधानी रही है और इसकी गरिमा के अनुरूप विकास कार्य किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रतनपुर को उसकी ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप सजाने-संवारने का कार्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ करेगी।
डिप्टी सीएम श्री साव ने कहा कि मां महामाया के आशीर्वाद से रतनपुर को धार्मिक कारीडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के धार्मिक स्थलों का कायाकल्प हुआ है, उसी तर्ज पर रतनपुर को भी एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और आगे भी विकास की गति निरंतर बनी रहेगी। क्षेत्र में तेज गति से विकास कार्य चल रहे हैं। रतनपुर के तालाबों के सौंदर्यीकरण का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है, जो नगर की पहचान और गौरव हैं। इन्हें और अधिक सुंदर एवं आकर्षक बनाने का कार्य पूरे मनोयोग से किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक श्री सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री लवकुश कश्यप, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री बिनु निराला, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री ऋषभ चतुर्वेदी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती गायत्री साहू सहित लखन पैकरा, घनश्याम रात्रे, इंदु यादव, सुभाष अग्रवाल, आनंद नगरकर, किशन तंबोली, दयाराम भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष बबलू कश्यप, तीर्थ यादव, कोटा नगर पालिका अध्यक्ष सरोज साहू, उपाध्यक्ष प्रदीप कौशिक, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।







