एनएसएस शिविर में संस्कृति और सेवा का संगम
बंशीताल में सात दिवसीय शिविर के छठवें दिन भव्य सांस्कृतिक संध्या, सैकड़ों ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
आशीष श्रीवास/ मरवाही
वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मरवाही एवं पीएम श्री सेजस (स्वामी आत्मानंद) शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मरवाही के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत बंशीताल में आयोजित सात दिवसीय विशेष राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के छठवें दिन गांव में उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्रीमती गायत्री गणेश मार्को उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत बंशीताल की सरपंच श्रीमती पिंकी देवेंद्र श्याम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती राधा मुरारी लाल रैदास, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बुंदकुंवर मास्को, पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, शासकीय महाविद्यालय मरवाही के प्राचार्य श्री लोक सिंह, पीएम श्री सेजस स्कूल मरवाही के प्राचार्य श्री शैलेन्द्र अग्निहोत्री, शासकीय कन्या महाविद्यालय गौरेला के प्राचार्य डॉ. रामभजन सोनवानी, पीएम श्री सेजस मरवाही के वाइस प्रिंसिपल श्री आर.के. सोनवानी सहित महाविद्यालय एवं विद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान एनएसएस के सभी स्वयंसेवक समूहों—चंद्रशेखर आजाद ग्रुप, भगत सिंह ग्रुप, वीरांगना रानी दुर्गावती ग्रुप, सुभाष चंद्र बोस ग्रुप एवं ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ग्रुप—ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक गीतों, नृत्य, नाट्य प्रस्तुतियों एवं सामाजिक संदेश से परिपूर्ण कार्यक्रमों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्ति, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि ग्राम की माध्यमिक शाला एवं हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी मंच साझा करते हुए अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे विद्यालय, महाविद्यालय एवं ग्राम समाज के बीच आपसी सहभागिता और समन्वय का सुंदर दृश्य देखने को मिला। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा, संस्कार और समाज के प्रति दायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक चेतना का विकास होता है, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के समापन पर वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मरवाही के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री उत्तम चंद्राकर एवं पीएम श्री सेजस स्कूल मरवाही के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री विनोद कुमार पोर्ते ने सभी अतिथियों, ग्रामवासियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया तथा शिविर के शेष दिनों में भी इसी प्रकार जनसहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
सात दिवसीय एनएसएस शिविर के तहत आयोजित यह सांस्कृतिक कार्यक्रम ग्राम पंचायत बंशीताल के लिए एक यादगार आयोजन बन गया, जिसने गांव और शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत सामाजिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ किया।







