सौर ऊर्जा से रोशन हुआ मदकूद्वीप
क्रेडा विभाग द्वारा तीन नवीन सौर हाईमास्ट संयंत्र स्थापित
अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ – मुंगेली
मुंगेली। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान से जुड़े हरिहर क्षेत्र मदकूद्वीप में अब विकास का नया प्रकाश फैल गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में पर्यटन स्थलों पर आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मकर संक्रांति के पावन अवसर पर मदकूद्वीप में सौर हाईमास्ट संयंत्रों का लोकार्पण किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा मदकूद्वीप में तीन नवीन सौर हाईमास्ट संयंत्र स्थापित किए गए हैं, जिन्हें घाट क्षेत्र, यज्ञशाला एवं मंदिर परिसर के समीप लगाया गया है। इन संयंत्रों के माध्यम से पूरे क्षेत्र में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
लोकार्पण कार्यक्रम में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, पूर्व विधायक भाटापारा श्री शिवरतन शर्मा एवं महात्यागी श्री रामरूपदास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल मदकूद्वीप के पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाएगी, बल्कि सुरक्षा, आवागमन और धार्मिक गतिविधियों के संचालन में भी उल्लेखनीय सुधार लाएगी। साथ ही सौर ऊर्जा के उपयोग से यह परियोजना स्वच्छ, सतत एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
लोकार्पण अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला। यह इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से धरातल पर उतर रही हैं और आमजन के जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं समृद्ध बना रही हैं।
मदकूद्वीप में सौर हाईमास्ट संयंत्रों की स्थापना आस्था, पर्यटन और सतत विकास के सुंदर संगम का प्रतीक बनकर उभरी है, जो आने वाले समय में इस पावन स्थल को एक आदर्श पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।







