पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में होगा गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह
सांस्कृतिक कार्यक्रम व विभागीय झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
संवाददाता — धनकुमार कौशिक/ बलौदा बाजार /6 जनवरी 2026
जिले में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित पंडित चक्रपाणी शुक्ल स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री दीपक सोनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में कलेक्टर ने मौसम एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैठक व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा शासन की फ्लैगशिप योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य समारोह प्रातः 9 बजे पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में प्रारंभ होगा, जहां मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली जाएगी। इसके पूर्व सभी शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह में जिला पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, नगर सेना एवं एनसीसी की टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट किया जाएगा।
इस अवसर पर शासकीय सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा मंच से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए कार्यालय प्रमुखों से नाम एवं कार्य का संक्षिप्त विवरण आमंत्रित किया गया है। संपूर्ण कार्यक्रम का अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को प्रातः 9 बजे समारोह स्थल पर किया जाएगा।
समारोह स्थल की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, शामियाना, मंच एवं ध्वनि व्यवस्था, पेयजल, बैठक व्यवस्था, शांति एवं यातायात नियंत्रण, मार्च-पास्ट, चिकित्सा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुश्री भावना गुप्ता, डीएफओ श्री गणवीर धम्मशील, जिला पंचायत सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गोते, श्री अवध राम टंडन, सुश्री निशा नेताम मड़ावी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







