जिला शिक्षा अधिकारी का औचक निरीक्षण — कई शिक्षक अनुपस्थित, 12 पर नोटिस, अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी…
संवाददाता – धनकुमार कौशिक/बलौदाबाजार
*बलौदाबाज़ार(डोंगरा)!!*, सितम्बर 2025।जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे ने शनिवार को बीईओ बलौदाबाज़ार राजेंद्र टंडन के साथ विकासखंड के विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
⁷
निरीक्षण में कई शिक्षक व लिपिक अनुपस्थित पाए गए, जबकि उपस्थित शिक्षकों में भी कार्य के प्रति लापरवाही देखने को मिली। इस पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने 2 प्राचार्य, 7 व्याख्याता और 3 लिपिक सहित कुल 12 शिक्षकों को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।निरीक्षण की शुरुआत शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय खटियापाटी से की गई। सुबह 9 बजे तक यहाँ केवल 4 व्याख्याता उपस्थित पाए गए जबकि एलबी शकुंतला ध्रुव, रविकुमार साहू, गजेन्द्र प्रसाद ध्रुव और सहायक ग्रेड-2 मनीषा विश्वास अनुपस्थित थे। समय सारिणी के अनुसार दूसरा पीरियड चल रहा था, किंतु छात्र-छात्राएँ बाहर घूमते मिले और शिक्षक कार्यालय में बैठे पाए गए। इस पर प्राचार्य हेमराम ध्रुव और व्याख्याता एलबी भुनेश्वर प्रसाद पटेल, छत्रपाल सिंह वर्मा, दामिनी बेहरा और विजयलक्ष्मी पटेल को भी नोटिस जारी किया गया।इसके बाद शासकीय हाईस्कूल सुढ़ेला का निरीक्षण किया गया। यहाँ प्रभारी प्राचार्य संतरू सिंह पैकरा बिना पूर्व सूचना के लगातार 6 दिनों से अनुपस्थित पाए गए। इस माह में वे केवल 3 दिन शाला आए, जबकि 2 दिन अवकाश लिया और 6 दिन अन्य कार्य का बहाना बनाकर अनुपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सहायक ग्रेड-2 रजनी शर्मा और सहायक ग्रेड-3 दुर्गा देवी ध्रुव भी दो दिनों से अनुपस्थित थीं।जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला व पूर्व माध्यमिक शाला सुढ़ेला में मध्यान्ह भोजन कक्ष एवं भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया और रसोइयों को स्वच्छता व गुणवत्तापूर्ण भोजन बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।डॉ. गुहे ने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है।







