जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा की सक्रियता: खेल और विकास दोनों में निभा रहे अहम भूमिका
रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में बने साक्षी, विजेता और उपविजेता टीम को दी बधाई
आशीष श्रीवास / गौरेला पेंड्रा मरवाही
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आयोजित GPL रात्रिकालीन विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गुरुकुल मैदान में अत्यंत रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

फाइनल मुकाबला मलनिया टीम और झोझा टीम के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच बेहद रोमांचक रहा और अंत तक कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंततः झोझा टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर फाइनल खिताब अपने नाम किया, जबकि मलनिया मास्टर टीम उपविजेता रही।

इस अवसर पर पवन पैकरा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है।

सड़क निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर
जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने अपने क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत साल्हेगोरी का दौरा कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना “जनमन” के तहत चिरहिटी से छिंदपानी तक बन रही सड़क का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सामग्री और प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यरत एजेंसियों को निर्देश दिए कि कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और निर्धारित समय सीमा में सड़क निर्माण पूर्ण किया जाए।
इस दौरान ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि धनसिंह बैगा, सेन समाज के पदाधिकारी मनोहर सेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और इसके लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
जनसेवा और विकास के प्रति प्रतिबद्ध नेतृत्व
पवन पैकरा का यह दोहरा योगदान—एक ओर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देना और दूसरी ओर क्षेत्रीय विकास कार्यों की निगरानी करना—उनकी सक्रिय कार्यशैली को दर्शाता है। वे लगातार अपने क्षेत्र में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विकास और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उनकी इस पहल से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने के साथ-साथ युवाओं में खेल के प्रति उत्साह भी बढ़ रहा है।






