राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर में मरवाही के विद्यार्थियों की ऐतिहासिक सहभागिता
आशीष श्रीवास/मरवाही
अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय, बिलासपुर से संबद्ध राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत दिनांक 22 जनवरी 2026 से 28 जनवरी 2026 तक आयोजित सात दिवसीय राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मरवाही एवं वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मरवाही के स्वयंसेवकों ने जिला बालोद में सहभागिता दर्ज कराई है।
इस शिविर में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मरवाही से ऋषि साहू, कक्षा 11वीं (कृषि संकाय) के छात्र का चयन किया गया है। यह विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि पहली बार विद्यालय स्तर से किसी छात्र ने राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर में सहभागिता की है। इस उपलब्धि के लिए विद्यालय के प्राचार्य श्री शैलेंद्र अग्निहोत्री एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री विनोद कुमार पोर्ते के मार्गदर्शन और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं, वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मरवाही से कुमारी मनीषा, एम.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा ने राज्य स्तरीय शिविर में सहभागिता की है। उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय मरवाही ने लगातार कई वर्षों से स्टेट कैंप एवं नेशनल कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस निरंतर सफलता का श्रेय महाविद्यालय के प्राचार्य श्री लोक सिंह एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री उत्तम चंद्राकर को जाता है, जिनके कुशल नेतृत्व में महाविद्यालय ने एनएसएस के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के लिए अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय, बिलासपुर के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक आदरणीय डॉ. मनोज सिन्हा का भी विशेष योगदान रहा है, जो निरंतर स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए एनएसएस को राज्य स्तर पर प्रथम स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
राज्य स्तरीय शिविर में मरवाही के विद्यार्थियों की सहभागिता से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है तथा यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।







