आंगनबाड़ी कार्यकर्ता–सहायिकाओं ने सौंपा ज्ञापन, सम्मान सुविधा प्रणाली और घटिया यूनिफॉर्म के बहिष्कार का ऐलान

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता–सहायिकाओं ने सौंपा ज्ञापन, सम्मान सुविधा प्रणाली और घटिया यूनिफॉर्म के बहिष्कार का ऐलान

अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ – मुंगेली

मुंगेली। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की समस्याओं को लेकर जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता–सहायिका कल्याण संघ (छत्तीसगढ़) ने संयुक्त मंच के माध्यम से बड़ा आंदोलनात्मक कदम उठाया है। संघ द्वारा कलेक्टर एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी तथा परियोजना अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शासन द्वारा लागू की जा रही “सम्मान सुविधा प्रणाली” और गुणवत्ता विहीन यूनिफॉर्म (साड़ी) के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

संघ ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि 20 जनवरी 2026 से समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शासन द्वारा दी जा रही घटिया गुणवत्ता की साड़ी तथा सम्मान सुविधा प्रणाली का पूर्ण बहिष्कार करेंगी। संघ का कहना है कि सम्मान सुविधा प्रणाली के नाम पर कार्यकर्ताओं पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है, जबकि वे पहले से ही पोषण ट्रैकर, ई-केवाईसी, टीएचआर वितरण, गर्भवती व धात्री महिलाओं की निगरानी, बच्चों का पोषण स्तर सुधारने जैसे अनेक कार्यों का बोझ उठा रही हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि शासन द्वारा दी जा रही साड़ी का कपड़ा बेहद घटिया स्तर का है, उसका स्टैंडर्ड और साइज सभी महिलाओं के अनुकूल नहीं है, जिससे कार्य के दौरान असुविधा होती है। वहीं, “सम्मान सुविधा प्रणाली” के अंतर्गत प्रतिदिन फोटो अपलोड, उपस्थिति, पहचान संबंधी नियमों में बार-बार बदलाव कर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। संघ ने मांग की है कि साड़ी के स्थान पर कार्य के अनुरूप प्रोफेशनल पहचान के लिए ब्लेजर/कोट (सरकारी लोगो सहित) प्रदान किया जाए, जिससे कार्यकर्ता सम्मान के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जब केंद्र सरकार के पोषण ट्रैकर ऐप में पहले से ही उपस्थिति और कार्य की निगरानी हो रही है, तो राज्य स्तर पर अलग से सम्मान सुविधा प्रणाली लागू करना दोहराव (डुप्लीकेशन) है, जो केवल मानसिक दबाव बढ़ाने का माध्यम बन गया है।

जिलाध्यक्ष कीर्ति सिंह परिहार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन पर जिले की पांचों परियोजनाओं के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता–सहायिकाओं के हस्ताक्षर हैं। संघ ने मांग की है कि— गुणवत्ता पूर्ण यूनिफॉर्म तत्काल उपलब्ध कराई जाए,सम्मान सुविधा प्रणाली में संशोधन कर व्यावहारिक व्यवस्था लागू की जाए, कार्यकर्ताओं के सम्मान व सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए,कलेक्टर एवं महिला एवं बाल विकास अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Comment